बलरामपुर। महज 1000 रुपए के विवाद ने एक बुजुर्ग की जान ले ली। बलरामपुर जिले के कुसमी थाना क्षेत्र के ग्राम देवसराकला में भैंसा बिक्री को लेकर...
बलरामपुर। महज 1000 रुपए के विवाद ने एक बुजुर्ग की जान ले ली। बलरामपुर जिले के कुसमी थाना क्षेत्र के ग्राम देवसराकला में भैंसा बिक्री को लेकर हुए विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया। इसमें घायल वृद्ध की इलाज के दौरान रायपुर के अस्पताल में मौत हो गई। पीएम रिपोर्ट में मारपीट से मौत की पुष्टि के बाद पुलिस ने मामले में आरोपी संजीत उरांव उर्फ संजीत भगत को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
बलरामपुर जिले के कुसमी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम देवसरा कला निवासी धारी उरांव ने अपना भैंसा 16 हजार 500 रुपए में बेचने की इच्छा जताई थी, लेकिन गांव के आरोपी संजीत भगत ने उसे 15 हजार 500 रुपए में बिकवाया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच तनातनी चल रही थी।
बताया गया कि धारी उरांव शराब के नशे में अक्सर आरोपी पर 1000 रुपए रख लेने का आरोप लगाता था। घटना 6 फरवरी की रात करीब 8 बजे की है। संजीत भगत अपने घर के बाहर सडक़ किनारे बैठकर खाना खा रहा था, तभी धारी उरांव वहां पहुंचकर फिर से पैसों को लेकर उलाहना देने लगा।
इसी दौरान गुस्से में आकर आरोपी ने हाथ में मौजूद थाली से वार कर दिया और धक्का देकर जमीन पर पटक कर पिटाई कर दी। गिरने से भी धारी उरांव को गंभीर चोटें आईं। रायपुर के अस्पताल में इलाज के दौरान 21 फरवरी को धारी उरांव की मौत हो गई।


No comments