Page Nav

HIDE

Grid

GRID_STYLE

Pages

ब्रेकिंग

latest
//

भारत ने रोमांचक मुकाबले में इंग्लैंड को 7 रन से हराया, फाइनल में न्यूजीलैंड से भिड़ंत

नई दिल्ली। टीम इंडिया ने टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल में जगह बना ली है। गुरुवार को वानखेड़े मैदान पर खेले गए दूसरे सेमीफाइनल में भारत ने इंग...


नई दिल्ली। टीम इंडिया ने टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल में जगह बना ली है। गुरुवार को वानखेड़े मैदान पर खेले गए दूसरे सेमीफाइनल में भारत ने इंग्लैंड को 7 रन से हराकर खिताबी मुकाबले का टिकट हासिल किया। भारत के 254 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड की टीम 7 विकेट पर 246 रन ही बना सकी।

254 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही। फिल साल्ट सिर्फ 5 रन बनाकर हार्दिक पांड्या का शिकार बने। कप्तान हैरी ब्रूक भी ज्यादा देर टिक नहीं सके और 7 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। जोस बटलर ने अच्छी शुरुआत की, लेकिन वह 17 गेंदों में 25 रन बनाकर वरुण चक्रवर्ती की गेंद पर बोल्ड हो गए। टॉम बैंटन ने 5 गेंदों में 17 रन बनाए, लेकिन वह भी जल्दी आउट हो गए। 95 रन के स्कोर तक इंग्लैंड के चार विकेट गिर चुके थे।

इसके बाद विल जैक्स और जैकब बेथेल ने पारी संभालने की कोशिश की। दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 39 गेंदों में 77 रन की साझेदारी की। जैक्स 20 गेंदों में 35 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद सैम करन और बेथेल ने छठे विकेट के लिए 27 गेंदों में 50 रन जोड़े। करन ने 14 गेंदों में 18 रन बनाए। जैकब बेथेल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 45 गेंदों में शतक पूरा किया और 48 गेंदों में 105 रन की बेहतरीन पारी खेली, लेकिन वह टीम को जीत नहीं दिला सके। अपनी पारी में उन्होंने 8 चौके और 7 छक्के लगाए।

भारत की ओर से गेंदबाजी में हार्दिक पांड्या ने 38 रन देकर 2 विकेट लिए। अर्शदीप सिंह और जसप्रीत बुमराह को एक-एक सफलता मिली। भारतीय गेंदबाजों ने अंत के ओवरों में शानदार नियंत्रण रखते हुए इंग्लैंड को लक्ष्य तक पहुंचने से रोक दिया।

इससे पहले टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 253 रन बनाए। यह टी20 विश्व कप के नॉकआउट मुकाबलों में भारत का सबसे बड़ा स्कोर रहा। संजू सैमसन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 42 गेंदों में 89 रन की दमदार पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में 8 चौके और 7 छक्के लगाए।

शिवम दुबे ने भी अच्छी बल्लेबाजी करते हुए 25 गेंदों में 43 रन बनाए। हालांकि, अभिषेक शर्मा 9 रन बनाकर आउट हो गए, जबकि कप्तान सूर्यकुमार यादव 11 रन ही बना सके। अंतिम ओवरों में तिलक वर्मा ने 7 गेंदों में 21 रन और हार्दिक पांड्या ने 12 गेंदों में 27 रन बनाकर टीम का स्कोर 250 के पार पहुंचाया।

इंग्लैंड की ओर से गेंदबाजी में विल जैक्स और आदिल रशीद ने दो-दो विकेट लिए। जोफ्रा आर्चर काफी महंगे साबित हुए और उन्होंने 4 ओवर में 61 रन खर्च किए। अब टी20 विश्व कप का फाइनल मुकाबला 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेला जाएगा।




No comments

दुनिया

//