नई दिल्ली। नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए न्यूज...
नई दिल्ली। नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ ही भारत ने तीसरी बार टी20 विश्व कप की ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। साथ ही टीम इंडिया घरेलू सरजमीं पर टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाला पहला देश भी बन गया है।
टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम को अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन ने धमाकेदार शुरुआत दिलाई। दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 7.1 ओवर में 98 रनों की साझेदारी की और टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।
अभिषेक शर्मा ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 21 गेंदों में 52 रनों की तूफानी पारी खेली। वहीं संजू सैमसन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 46 गेंदों में 5 चौकों और 8 छक्कों की मदद से 89 रन बनाए। इसके साथ ही संजू टी20 विश्व कप के फाइनल में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले बल्लेबाज बन गए।
नंबर तीन पर बल्लेबाजी करने उतरे ईशान किशन भी बेहतरीन लय में नजर आए। उन्होंने 25 गेंदों में 54 रनों की तेजतर्रार पारी खेली। ईशान ने 216 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए 4 चौके और 4 छक्के जड़े।
हालांकि कप्तान सूर्यकुमार यादव और हार्दिक पांड्या बल्ले से ज्यादा योगदान नहीं दे सके। सूर्यकुमार यादव बिना खाता खोले आउट हो गए, जबकि हार्दिक पांड्या 18 रन बनाकर पवेलियन लौटे।
अंतिम ओवरों में शिवम दुबे ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 8 गेंदों में नाबाद 26 रन बनाए। उनकी इस तेज पारी की बदौलत भारतीय टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 255 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। यह टी20 विश्व कप के नॉकआउट मुकाबलों का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर भी रहा।
256 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। सेमीफाइनल में शतक लगाने वाले फिन एलन सिर्फ 9 रन बनाकर अक्षर पटेल का शिकार बने। इसके बाद रचिन रविंद्र भी महज एक रन बनाकर पवेलियन लौट गए।
ग्लेन फिलिप्स भी 5 रन बनाकर आउट हुए, जबकि मार्क चैपमैन को 3 रन के स्कोर पर हार्दिक पांड्या ने पवेलियन भेज दिया। डेरिल मिचेल भी फाइनल में कुछ खास नहीं कर सके और 17 रन बनाकर आउट हो गए।
एक छोर से टिम सीफर्ट ने जरूर आक्रामक बल्लेबाजी की और 26 गेंदों में 52 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में 2 चौके और 5 छक्के लगाए, लेकिन वरुण चक्रवर्ती की गेंद पर ईशान किशन को कैच देकर पवेलियन लौट गए।
कप्तान मिचेल सैंटनर ने 35 गेंदों में 43 रन बनाए, लेकिन दूसरे छोर से विकेट गिरने का सिलसिला जारी रहा। जेम्स नीशम 8 रन बनाकर आउट हुए, जबकि मैट हेनरी खाता भी नहीं खोल सके।
न्यूजीलैंड की टीम लगातार अंतराल पर विकेट गंवाती रही और पूरी टीम 19 ओवर में 159 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 15 रन देकर 4 विकेट झटके। अक्षर पटेल ने 27 रन देकर 3 विकेट हासिल किए। वहीं हार्दिक पांड्या और वरुण चक्रवर्ती ने एक-एक विकेट अपने नाम किया।
इस जीत के साथ ही भारत ने टी20 विश्व कप का खिताब तीसरी बार अपने नाम किया। इससे पहले भारतीय टीम 2007 और 2024 में भी यह ट्रॉफी जीत चुकी है। साथ ही टीम इंडिया टी20 वर्ल्ड कप को लगातार दूसरी बार जीतने वाली दुनिया की पहली टीम भी बन गई है।


No comments