रायपुर। राजधानी के वार्ड क्रमांक 61 डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी वार्ड अंतर्गत भाठागांव की जर्जर सड़क को लेकर कांग्रेस ने रविवार को प्रदर्शन कि...
रायपुर। राजधानी के वार्ड क्रमांक 61 डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी वार्ड अंतर्गत भाठागांव की जर्जर सड़क को लेकर कांग्रेस ने रविवार को प्रदर्शन किया। शहर जिला कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर डॉ. खूबचंद बघेल ब्लॉक कांग्रेस कमेटी एवं वार्ड कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने सड़क निर्माण में हो रही देरी के विरोध में चक्काजाम कर प्रदर्शन किया और जल्द सड़क निर्माण पूरा करने की मांग की।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि भाठागांव का मुख्य मार्ग लंबे समय से बदहाल है। सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे होने के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के दौरान गड्ढों में पानी भर जाने से दुर्घटना का खतरा और बढ़ गया है। इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में बसों और ट्रकों का आवागमन होता है।
छाया पार्षद ब्रह्मा सोनकर ने कहा कि एक साल पहले भी 6 सितंबर को कांग्रेस ने भाठागांव की जर्जर सड़क को लेकर प्रदर्शन किया था। इसके बाद सड़क के एक हिस्से में कुछ दूरी तक डामरीकरण किया गया, लेकिन इसके बाद काम फिर ठप हो गया।** उन्होंने आरोप लगाया कि सड़क अब गड्ढों और धूल से भरी हुई है और आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कुमार शंकर मेनन ने कहा कि भाठागांव का मार्ग अत्यंत व्यस्त है, इसके बावजूद सड़क निर्माण की दिशा में अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो रही है। उन्होंने सड़क निर्माण जल्द पूरा करने की मांग की।
पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने कहा कि भाठागांव का मुख्य मार्ग हजारों लोगों के आवागमन का प्रमुख रास्ता है। सड़क की खराब स्थिति के कारण क्षेत्र के लोगों को रोजाना परेशानी हो रही है। उन्होंने संबंधित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से तत्काल सड़क निर्माण शुरू कराने की मांग की।
पूर्व महापौर प्रमोद दुबे ने सड़क को क्षेत्र की जीवनरेखा बताते हुए कहा कि बड़े-बड़े गड्ढों के कारण लोगों को जोखिम उठाकर आवागमन करना पड़ रहा है। उन्होंने जिम्मेदार अधिकारियों से सड़क निर्माण में तेजी लाने की मांग की।
प्रदेश कांग्रेस महामंत्री कन्हैया अग्रवाल ने बताया कि भाठागांव सड़क के लिए करीब 3.96 करोड़ रुपये की राशि कांग्रेस शासन के दौरान स्वीकृत हुई थी। इसके बाद टेंडर प्रक्रिया भी पूरी हुई, लेकिन निर्धारित अवधि समाप्त होने के बावजूद सड़क का निर्माण पूरा नहीं हो सका। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पहले भी कई बार आंदोलन कर चुकी है और अब सड़क निर्माण शीघ्र शुरू किया जाना चाहिए।
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विनोद ठाकुर ने कहा कि भाठागांव से बस स्टैंड की ओर जाने वाला करीब 150 मीटर का हिस्सा भी लोगों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सड़क के गड्ढों को भाजपा नेताओं के नाम से चिह्नित करते हुए प्रतीकात्मक विरोध भी दर्ज कराया।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि सड़क की खराब स्थिति के कारण धूल, गड्ढों और जलभराव से आम नागरिक परेशान हैं। उन्होंने शासन-प्रशासन से सड़क का निर्माण जल्द पूरा कर लोगों को राहत देने की मांग की।
प्रदर्शन में पूर्व महापौर प्रमोद दुबे, पूर्व विधायक विकास उपाध्याय, प्रदेश महामंत्री कन्हैया अग्रवाल, ब्लॉक अध्यक्ष विनोद ठाकुर, पूर्व पार्षद सतनाम पनाग, उत्तम साहू, छाया पार्षद ब्रह्मा सोनकर, भारती शर्मा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।





No comments