Page Nav

HIDE

Grid

GRID_STYLE

Pages

ब्रेकिंग

latest
//

सक्षम योजना से बिंदिया को मिला आर्थिक संबल, किराना दुकान ने बदली जिंदगी

  रायपुर: पति के निधन के बाद परिवार की जिम्मेदारी और आर्थिक चुनौतियों का सामना कर रहीं सरगुजा जिले के अम्बिकापुर विकासखंड के ग्राम पंचायत मे...

 


रायपुर: पति के निधन के बाद परिवार की जिम्मेदारी और आर्थिक चुनौतियों का सामना कर रहीं सरगुजा जिले के अम्बिकापुर विकासखंड के ग्राम पंचायत मेंड्रा कला निवासी बिंदिया ने शासन की सक्षम योजना का लाभ लेकर अपने जीवन को नई दिशा दी है। महिला एवं बाल विकास विभाग की सक्षम योजना के तहत मिले एक लाख रुपये के ऋण से उन्होंने किराना दुकान शुरू की। मेहनत और लगन से आज उनका व्यवसाय अच्छी तरह संचालित हो रहा है और इसकी आय से वे अपने परिवार का भरण-पोषण करने के साथ बच्चों की शिक्षा का खर्च भी उठा रही हैं।

बिंदिया बताती हैं कि पति के निधन के बाद परिवार की आर्थिक स्थिति काफी कमजोर हो गई थी। ऐसे समय में पर्यवेक्षक दीदी और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने उन्हें सक्षम योजना की जानकारी दी तथा योजना का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। आवश्यक दस्तावेज तैयार कर उन्होंने आवेदन किया। प्रक्रिया पूरी होने के बाद उन्हें एक लाख रुपये की ऋण राशि प्राप्त हुई।

ऋण राशि का उपयोग कर बिंदिया ने अपने गांव में किराना दुकान शुरू की। नियमित मेहनत और बेहतर प्रबंधन से उनका व्यवसाय धीरे-धीरे आगे बढ़ा। दुकान से होने वाली आमदनी से वे परिवार की दैनिक जरूरतें पूरी कर रही हैं। उन्होंने अपनी आय को व्यवस्थित रखने के लिए बैंक खाता भी खुलवाया है, जिसमें वे व्यवसाय से प्राप्त राशि जमा करती हैं।

बिंदिया ने अपने दोनों बच्चों की शिक्षा को हमेशा प्राथमिकता दी। उनके दोनों बच्चों ने कक्षा 12वीं तक की पढ़ाई पूरी कर ली है और वर्तमान में स्नातक की शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। किराना दुकान से होने वाली नियमित आमदनी ने बिंदिया को बच्चों की उच्च शिक्षा का खर्च उठाने में भी आर्थिक रूप से सक्षम बनाया है।

वह बताती हैं कि पहले आर्थिक जरूरतों के लिए उन्हें दूसरों पर निर्भर रहना पड़ता था, लेकिन सक्षम योजना के माध्यम से मिले ऋण ने उन्हें स्वरोजगार का अवसर दिया। आज वे अपने व्यवसाय के माध्यम से स्वयं परिवार की जिम्मेदारी संभाल रही हैं। इससे उनमें आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता की भावना मजबूत हुई है।

बिंदिया का कहना है कि सक्षम योजना के माध्यम से मिला ऋण उनके लिए सिर्फ आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि अपने पैरों पर खड़े होने का अवसर साबित हुआ है। किराना दुकान से प्राप्त आमदनी को वे व्यवस्थित रूप से बैंक खाते में जमा कर रही हैं और अपनी आर्थिक स्थिति को लगातार बेहतर बनाने का प्रयास कर रही हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं से महिलाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर मिल रहे हैं। आर्थिक सहयोग और मार्गदर्शन मिलने से महिलाएं आत्मविश्वास के साथ अपने परिवार की जिम्मेदारियां संभालते हुए आत्मनिर्भर बन रही हैं।

बिंदिया ने सक्षम योजना के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा, “सक्षम योजना से मुझे अपने पैरों पर खड़े होने का अवसर मिला। आज मैं किराना दुकान चला रही हूं और अपने परिवार की जिम्मेदारी स्वयं उठा रही हूं। महिलाओं को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने वाली इस योजना के लिए विष्णु भैया को बहुत-बहुत धन्यवाद।”

बिंदिया की कहानी बताती है कि शासन की योजनाओं से मिलने वाला आर्थिक सहयोग, सही मार्गदर्शन और स्वरोजगार का अवसर महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला सकता है। सक्षम योजना के माध्यम से मिली सहायता ने बिंदिया को न केवल आर्थिक रूप से मजबूत बनाया है, बल्कि उन्हें आत्मसम्मान और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का अवसर भी दिया है। उनकी सफलता अन्य महिलाओं के लिए भी आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा है।

No comments

दुनिया

//