रायपुर: वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने कोण्डागांव जिले के मर्दापाल में नवनिर्मित ग्राम पंचायत भवन और महतारी सदन का लोकार्पण कि...
महतारी सदन में मंत्री कश्यप ने बिहान स्व-सहायता समूह की महिलाओं से संवाद किया। उन्होंने महिलाओं से उनकी आजीविका गतिविधियों और समूह से जुड़ने के बाद आय में हुए बदलाव की जानकारी ली। महिलाओं ने बताया कि स्व-सहायता समूहों से जुड़कर उन्हें रोजगार और आय के नए अवसर मिल रहे हैं। वन मंत्री ने कहा कि महतारी सदन ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक और सामाजिक सशक्तिकरण का महत्वपूर्ण केंद्र है। राज्य सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। लखपति दीदी और ड्रोन दीदी जैसी योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को रोजगार, स्वरोजगार और आय के नए अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
वन मंत्री कश्यप ने महिलाओं से फलदार पौधों का रोपण, पशुपालन और अन्य आयवर्धक गतिविधियों को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यदि इन गतिविधियों को मेहनत और बेहतर योजना के साथ किया जाए तो ग्रामीण परिवारों की आय में वृद्धि हो सकती है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि महतारी सदन महिला स्व-सहायता समूहों की गतिविधियों को बढ़ावा देने और ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष रीता शोरी, जनपद पंचायत अध्यक्ष अनीता कोर्राम, जिला पंचायत सदस्य यशोदा कश्यप, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष टोमेंद्र ठाकुर, जनपद सदस्य श्रीमती कौशल्या कोर्राम, जयमती कश्यप, रामूराम कोर्राम,रामचन्द्र कश्यप, रामकुमार कोर्राम, श्री रमेश सेठिया,आसमन कोर्राम, लक्ष्मीकांत बेलसरिया, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के जिला प्रबंधक विनय सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।.


No comments