रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई, जिसस...
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई, जिससे नदी-नाले उफान पर हैं और कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित हुआ है। राजधानी रायपुर में रविवार दोपहर हुई झमाझम बारिश से लोगों को उमस से राहत मिली। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के दौरान प्रदेश के उत्तरी और मध्य हिस्सों के एक-दो स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई है।
मौसम विभाग के अनुसार सबसे अधिक 8 सेंटीमीटर वर्षा मनेन्द्रगढ़ में दर्ज की गई। इसके अलावा बिल्हा और मैनपुर में 7-7 सेंटीमीटर, पटना में 6 सेंटीमीटर तथा मुंगेली, गरियाबंद, जनकपुर-भरतपुर, रामानुजगंज, बैकुंठपुर, लोरमी, लालपुर थाना, मगरलोड और चिरमिरी में 5-5 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। नगरी, कुकरेल, रतनपुर, हरदीबाजार, पथरिया, मुकडेगा, बलौदा बाजार, पलारी और भाटापारा में 4-4 सेंटीमीटर, जबकि कुकदुर, मनोरा, पेंड्रा रोड, खड़गवां, कापू, कोंटा, सिमगा, पौड़ी उपरोड़ा, धमतरी, दर्री, बोदरी, मस्तूरी, बीजापुर, पिथौरा और सकरी में 3-3 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई।
राजधानी रायपुर में सोमवार को भी मौसम सुहावना बने रहने का अनुमान है। दिनभर आसमान में बादल छाए रहेंगे और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार झारखंड और उससे सटे बिहार के ऊपर ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इसके साथ ही उत्तरी बिहार से उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तक द्रोणिका बनी हुई है। वहीं उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश और दक्षिणी छत्तीसगढ़ के ऊपर भी ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इन मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से प्रदेश में अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम तथा कुछ स्थानों पर तेज बारिश होने की संभावना बनी हुई है।
मौसम विभाग ने सोमवार सुबह राजनांदगांव, बिलासपुर, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं और भारी बारिश हो सकती है।
इसके अलावा उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, बालोद, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, दुर्ग सहित कई अन्य जिलों के लिए अगले तीन घंटे के दौरान यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने तथा नदी-नालों के पास सावधानी बरतने की अपील की है।


No comments