रायपुर। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 23वीं किस्त शनिवार को जारी की गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के...
रायपुर। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 23वीं किस्त शनिवार को जारी की गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के तारकेश्वर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान किसानों के खातों में राशि ट्रांसफर की। इस किस्त के तहत देश के 9.44 करोड़ से अधिक किसानों को लाभ मिला। डीबीटी के माध्यम से किसानों के बैंक खातों में 18,880 करोड़ रुपए से अधिक की राशि भेजी गई। सरकार का कहना है कि इस योजना का उद्देश्य किसानों को आर्थिक सहायता देकर उनकी आय और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करना है।
छत्तीसगढ़ के किसानों को मिले 490 करोड़ रुपए
इस योजना का लाभ छत्तीसगढ़ के किसानों को भी मिला है। प्रदेश के 24 लाख से अधिक किसानों के बैंक खातों में 490 करोड़ रुपए से ज्यादा की राशि डीबीटी के माध्यम से पहुंची। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय जशपुर जिले के कुनकुरी स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, सलियाटोली में आयोजित वर्चुअल कार्यक्रम में शामिल हुए और किसानों को संबोधित किया।
किसानों की समृद्धि विकसित छत्तीसगढ़ की नींव: सीएम साय
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि किसानों की खुशहाली और समृद्धि ही विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण का आधार है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि जैसी योजनाएं किसानों को आर्थिक मजबूती प्रदान कर रही हैं। इन योजनाओं से किसानों को आर्थिक सुरक्षा मिलने के साथ उनका आत्मविश्वास और सम्मान भी बढ़ रहा है। सरकार किसानों की आय बढ़ाने और कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
कृषि क्षेत्र को मजबूत करने पर सरकार का जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की खुशहाली को प्राथमिकता देते हुए कृषि क्षेत्र में आधुनिक तकनीक, सिंचाई सुविधाओं के विस्तार, बेहतर बाजार व्यवस्था और कृषि उत्पादों के मूल्य संवर्धन पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य किसानों को सिर्फ उत्पादन तक सीमित रखना नहीं है, बल्कि उन्हें कृषि उद्यमिता और मूल्य आधारित कृषि से जोड़ना है, जिससे उनकी आय में स्थायी वृद्धि हो सके। किसानों की आर्थिक मजबूती से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी गति मिलेगी।


No comments