Page Nav

HIDE

Grid

GRID_STYLE

Pages

ब्रेकिंग

latest
//

नारायणपुर को मिली जिला सहकारी केंद्रीय बैंक की नई शाखा

रायपुर, 17 जून 2026 नारायणपुर जिले में बैंकिंग सुविधाओं को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए जिला सहकारी केंद्रीय बैंक की ...


रायपुर, 17 जून 2026 नारायणपुर जिले में बैंकिंग सुविधाओं को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए जिला सहकारी केंद्रीय बैंक की नवीन शाखा भवन का लोकार्पण सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने किया। लगभग 36 लाख रुपये की लागत से निर्मित इस आधुनिक भवन से जिले के किसानों, ग्रामीणों, महिला स्व-सहायता समूहों और छोटे व्यापारियों को बेहतर बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध होंगी।

लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि सहकारी बैंक ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूत आधारशिला हैं। नई शाखा के शुरू होने से किसानों और आम नागरिकों को बैंकिंग सेवाओं के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों में नहीं जाना पड़ेगा। इससे समय और संसाधनों की बचत होगी तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी।

मंत्री कश्यप ने कहा कि सहकारी बैंक किसानों को कम ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। नई शाखा के माध्यम से किसानों को कृषि ऋण, किसान क्रेडिट कार्ड, पशुपालन ऋण, स्वरोजगार योजनाओं के तहत ऋण तथा महिला स्व-सहायता समूहों को वित्तीय सहायता आसानी से उपलब्ध कराई जा सकेगी। कृषि कार्यों के लिए खाद, बीज और कृषि उपकरणों की खरीद हेतु आवश्यक वित्तीय सहायता भी अब स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होगी।

मंत्री कश्यप ने बैंक परिसर के नोडल कार्यालय भवन, बैठक हॉल में शेड तथा शौचालय निर्माण की भी घोषणा की। उन्होंने बैंक अधिकारियों और कर्मचारियों से सेवा भाव एवं पारदर्शिता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

बैंक अधिकारियों ने बताया कि नई शाखा में ग्राहकों की सुविधा के लिए सुव्यवस्थित काउंटर, डिजिटल बैंकिंग सेवाएं तथा पारदर्शी लेन-देन की व्यवस्था की गई है। इससे ग्राहकों को तेज, सुरक्षित और बेहतर बैंकिंग सेवाएं प्राप्त होंगी।

कार्यक्रम के दौरान 15 किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) वितरित किए गए। साथ ही किसानों को बीज वितरण कर कृषि उत्पादन बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया गया। स्थानीय नागरिकों और किसानों ने नई शाखा के शुभारंभ का स्वागत करते हुए कहा कि इससे बैंकिंग सेवाएं उनके और अधिक करीब पहुंचेंगी तथा शासकीय योजनाओं का लाभ प्राप्त करना आसान होगा।

जिला सहकारी केंद्रीय बैंक की यह नई शाखा ग्रामीण विकास, वित्तीय समावेशन और किसानों के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इससे शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में भी सहायता मिलेगी। इस अवसर पर पूर्व सांसद एवं जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अध्यक्ष दिनेश कश्यप, उपाध्यक्ष श्रीनिवास मिश्रा, छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज सहकारी संघ के अध्यक्ष रूपसाय सलाम, जिला पंचायत अध्यक्ष नारायण मरकाम, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष  इंद्र प्रसाद बघेल सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

No comments

दुनिया

//