नई दिल्ली। अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल मुकाबले में भारत ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड के सामने 412 रन का विशाल लक्ष्य रखा। इस ...
नई दिल्ली। अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल मुकाबले में भारत ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड के सामने 412 रन का विशाल लक्ष्य रखा। इस मैच में बिहार के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने ऐतिहासिक पारी खेलते हुए 80 गेंदों में 175 रन बनाए। उनके इस शानदार प्रदर्शन पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उन्हें बधाई दी है।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि अंडर-19 वर्ल्ड कप के फाइनल में भारत और इंग्लैंड के बीच खेले जा रहे मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी ने 80 गेंदों में 175 रन बनाकर असाधारण प्रदर्शन किया है। उन्होंने कहा कि वैभव अपनी मेहनत और प्रतिभा के बल पर भारतीय क्रिकेट की नई उम्मीद बनकर उभरे हैं।
सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि उनकी शुभकामनाएं हैं कि वैभव सूर्यवंशी आने वाले समय में भारतीय टीम के लिए नए कीर्तिमान स्थापित करें और देश का नाम रोशन करें।
इससे पहले मुख्यमंत्री ने ‘एक्स’ पर एक अन्य पोस्ट में जानकारी दी कि पटना स्थित 1 अणे मार्ग के संकल्प सभागार में प्रथम नेत्रहीन महिला टी-20 विश्व कप-2025 की विजेता भारतीय टीम की खिलाड़ी अनु कुमारी को चेक और अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेले जा रहे फाइनल में भारतीय कप्तान आयुष म्हात्रे ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। टीम इंडिया को 20 रन के स्कोर पर आरोन जॉर्ज (9) के रूप में पहला झटका लगा। इसके बाद वैभव सूर्यवंशी ने कप्तान म्हात्रे के साथ दूसरे विकेट के लिए 90 गेंदों में 142 रन की साझेदारी कर टीम को 162 रन तक पहुंचाया।
आयुष म्हात्रे 51 गेंदों में 2 छक्कों और 7 चौकों की मदद से 53 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद वैभव सूर्यवंशी ने वेदांत त्रिवेदी के साथ 39 गेंदों में 89 रन की तेज साझेदारी की और टीम के स्कोर को मजबूती दी।
वैभव सूर्यवंशी ने 80 गेंदों में 15 चौकों और 15 छक्कों की मदद से 175 रन बनाए। उनके आउट होने के बाद वेदांत त्रिवेदी ने विहान मल्होत्रा के साथ चौथे विकेट के लिए 51 रन जोड़कर भारत को 300 रन के पार पहुंचाया।
भारत ने 308 रन तक अपने 5 विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद अभिज्ञान कुंडू और आरएस अम्ब्रीश ने 51 रन की साझेदारी की। कुंडू 31 गेंदों में 40 रन बनाकर आउट हुए, जबकि अम्ब्रीश ने 18 रन बनाए। अंतिम ओवरों में कनिष्क चौहान ने 20 गेंदों में 1 छक्का और 3 चौकों के साथ नाबाद 37 रन बनाकर भारत का स्कोर 411/9 तक पहुंचाया।
इंग्लैंड की ओर से जेम्स मिंटो ने सर्वाधिक 3 विकेट झटके, जबकि सेबेस्टियन मॉर्गन और एलेक्स ग्रीन ने 2-2 विकेट हासिल किए। एक विकेट मैनी लम्सडेन के खाते में गया।


No comments