Page Nav

HIDE

Grid

GRID_STYLE

Pages

ब्रेकिंग

latest
//

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की पाकिस्तान को दो टूक : सर क्रीक में हिमाकत की तो बदल जाएंगे इतिहास और भूगोल

   नई दिल्ली। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पाकिस्तान को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर उसने सर क्रीक क्षेत्र में कोई भी हिमाकत की तो उसे...

 


 नई दिल्ली। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पाकिस्तान को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर उसने सर क्रीक क्षेत्र में कोई भी हिमाकत की तो उसे ऐसा करारा जवाब मिलेगा कि उसका इतिहास और भूगोल दोनों बदल जाएगा। उन्होंने कहा कि 1965 की जंग में भारतीय सेना लाहौर तक पहुंचने का सामर्थ्य दिखा चुकी है और आज भी हमारी सेनाएं कराची तक पहुंचने का रास्ता जानती हैं। विजयादशमी के अवसर पर गुरुवार को रक्षा मंत्री भुज एयरबेस पहुंचे, जहां उन्होंने सेना के जवानों के साथ शस्त्र पूजा की। इस दौरान उन्होंने हाल ही में सफल रहे ऑपरेशन सिंदूर का उल्लेख करते हुए कहा कि पाकिस्तान ने लेह से लेकर सर क्रीक तक भारत की डिफेंस प्रणाली को तोड़ने की नाकाम कोशिश की थी, लेकिन भारतीय सेना ने जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तान के एयर डिफेंस सिस्टम को पूरी तरह नाकाम कर दिया। उन्होंने कहा, “ऑपरेशन सिंदूर से दुनिया को यह संदेश गया है कि भारतीय सेना जब चाहे, जहां चाहे और जैसे चाहे पाकिस्तान को भारी नुकसान पहुंचा सकती है।”

राजनाथ सिंह ने स्पष्ट किया कि भारत ने अपनी शक्ति के बावजूद संयम दिखाया क्योंकि यह कार्रवाई केवल आतंकवाद के खिलाफ थी। उन्होंने कहा, “हमारा उद्देश्य युद्ध छेड़ना नहीं था, बल्कि आतंकवाद के खिलाफ कड़ा संदेश देना था। मुझे खुशी है कि हमारे सैनिकों ने ऑपरेशन सिंदूर के सभी लक्ष्यों को सफलतापूर्वक हासिल किया।” रक्षा मंत्री ने कहा कि आजादी के 78 साल बाद भी सर क्रीक विवाद बना हुआ है। भारत ने कई बार बातचीत के जरिए समाधान की कोशिश की, लेकिन पाकिस्तान की नीयत साफ नहीं है। उन्होंने बताया कि हाल ही में पाकिस्तान ने सर क्रीक के पास अपना सैन्य ढांचा बढ़ाया है, जो उसकी मंशा को दर्शाता है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा, “अगर पाकिस्तान ने सर क्रीक में कोई हरकत की, तो उसे ऐसा सबक सिखाया जाएगा कि इतिहास और भूगोल दोनों बदल जाएंगे। पाकिस्तान को याद रखना चाहिए कि कराची का एक रास्ता क्रीक से होकर गुजरता है।”

महात्मा गांधी की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि गांधी जी मनोबल का ज्वलंत उदाहरण थे। उन्होंने बिना हथियारों के ब्रिटिश साम्राज्य को झुकने पर मजबूर किया। राजनाथ सिंह ने कहा, “हमारे सैनिकों के पास शस्त्र भी हैं और अटूट मनोबल भी। हमारे सामने कोई भी चुनौती टिक नहीं सकती।” उन्होंने शस्त्र पूजा के मौके पर मां दुर्गा से प्रार्थना की कि वे भारतीय सैनिकों को शक्ति और साहस प्रदान करें ताकि वे अधर्म और आतंकी शक्तियों का नाश करते रहें और राष्ट्र को अजेय बनाए रखें। उन्होंने कहा कि थल सेना, वायु सेना और नौसेना हमारी शक्ति के तीन स्तंभ हैं और सरकार लगातार तीनों सेनाओं की संयुक्त शक्ति पर जोर दे रही है।

इसके साथ ही रक्षा मंत्री ने ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के लिए भारतीय सैनिकों और अधिकारियों को विशेष बधाई दी और कहा कि शस्त्र पूजा केवल शस्त्रों का ही नहीं, बल्कि उन्हें धारण करने वाले सैनिकों के सम्मान का प्रतीक है।

No comments

दुनिया

//